जिला महिला अस्पताल में नवजात की मौत, हंगामा
-- परिजनों ने चिकित्सकों पर लगाया लापरवाही का आरोप, जांच में जुटे अफसर
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला महिला अस्पताल में सोमवार को नवजात की मौत होने पर प्रसूता और उसके परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीएमओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ककोड़ क्षेत्र के गांव सलैमपुर निवासी महिला अन्नू को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 29 मार्च को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों के अनुसार प्रसूता के 29 मार्च को ही जुड़वा बच्चों का जन्म दिया। नवजातों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें एसएनसीयू वार्ड में भर्ती करा दिया था। इसमें एक नवजात की हालत नाजुक थी, इससे सोमवार को उसकी मौत हो गई। नवजात की मौत होने पर परिजन भड़क गए और उन्होंने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। प्रसूता के पति विनोद ने बताया कि चिकित्सकों ने नवजात की हालत गंभीर होने की समय से जानकारी नहीं दी। उधर, हंगामे की सूचना मिलने पर सीएमओ और महिला सीएमएस मौके पर पहुंचे और परिजनों को मामले की जांच कर दोषी स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत कराया। ज्ञात रहे कि जिला महिला अस्पताल में आए दिन बच्चों की मौत के मामले और परिजनों द्वारा लापरवाही के आरोप लगते आए हैं। अब नवजात की मौत के मामले और परिजनों के आरोपों के चलते एक बार फिर चिकित्सक जांच के घेरे में आ गए हैं। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि सीएमएस को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बताया कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।