पहले दिन क्रय केंद्रों पर नहीं पहुंचा गेहूं
बुलंदशहर। शासन के आदेश पर गेहूं क्रय केंद्रों पर पहले दिन गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। आलम यह रहा कि सभी केंद्र पूरी तरह से सूने पड़े रहे। इसके कारण क्रय केंद्रों पर तैनात कर्मचारी पूरे दिन इधर-उधर घूमकर समय काटते दिखे। कटाई शुरू न होने से क्रय केंद्रों तक गेहूं पहुंचने में अभी चार-पांच दिन और लग सकते हैं।
शासन के आदेश पर एक अप्रैल से गेहूं की खरीद की जानी थी। इसके लिए शासन ने पूर्व में ही तैयार करने के निर्देश दिए थे। शासन के निर्देशों को ताक पर रखते हुए समयावधि में क्रय केन्द्रों पर व्यवस्था के नाम पर केवल खानापूर्ति कर ली गई। आलम यह रहा कि रविवार को पहले दिन केंद्रों पर गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। कई क्रय केंद्रों पर किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं की व्यवस्था नहीं थी। गेहूं आने का इंतजार कर रहे अफसर और कर्मचारी समय काटने के लिए इधर-उधर घूमते रहे, जबकि केंद्र शुरू होने से पूर्व ही किसानों के बैठने, पेयजल और शौचालयों समेत अन्य व्यवस्थाएं की जानी थी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश चंद्र सागरवाल ने बताया कि सोमवार को केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली अव्यवस्थाओं को दूर करा दिया जाएगा।