13 लाख की लागत से गुलावठी को मिलेगी जाम से निजात
- एनएच-235 के निर्माण में समय लगने पर डीएम ने लिया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
गुलावठी के लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए 13 लाख की धनराशि से सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए शनिवार को डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में अफसरों ने प्रस्ताव बनाकर कमेटी के समक्ष पेश किया।
डीएम डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में गुलावठी को जाम से निजात दिलाने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। डीएम ने अफसरों से समस्या के समाधान के लिए सुझाव मांगे। अफसरों ने बताया कि एनएच-235 और बाईपास निर्माण पूरा होने में अभी दो वर्ष से अधिक का समय लगेगा। इसके बाद डीएम ने शहीद स्मारक से बड़ा महादेव मंदिर तक की सड़क को चौड़ा करने के लिए अफसरों से प्रस्ताव मांगा। लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने प्रस्ताव बनाकर डीएम को पेश किया। इसके बाद डीएम ने उक्त कार्य को तीन चरणों में पूरा कर लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए आदेश दिए। हाईवे चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण के लिए करीब 13 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। बैठक में एडीएम प्रशासन, एसडीएम सदर, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका गुलावठी के अफसर मौजूद रहे।