जल दिवस पर बच्चों ने लिया पानी बचाने का संकल्प
- जगह-जगह बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
फोटो समाचार
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर/गुलावठी। नगर में 41यूपी बटालियन की ओर से बृहस्पतिवार को विश्व जल दिवस पर रैली निकालकर लोगों को जल बचाने का संदेश दिया। इसमें बटालियन के एनसीसी कैडेट्स और अफसर शामिल रहे। साथ ही नगर में अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी जल के महत्व पर कार्यक्रम हुए।
विश्व जल दिवस पर नगर में निकाली गई रैली का नेतृत्व ग्रुप कमांडर एसपी सिन्हा और बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एचपीएस एहलावत ने किया। रैली एनसीसी कार्यालय से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। कैडेट्स हाथ में तख्ती और बैनर लेकर चल रहे थे। सूबेदार मेजर जगमाल ढाका ने कैडेट्स को जल बचाने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि अगर जल की बर्बादी नहीं रोकी तो आने वाले समय में इसके गंभीर परिणाम देखने को मिलेंगे। इस दौरान चीफ अफसर मोहम्मद असलम, सूबेदार जगदीश सिंह, सूबेदार रमेश, बीएचएम भूमि राज, हवलदार गुरमेज, इंद्रजीत और राजकुमार आदि मौजूद रहे।
गुलावठी में 36 यूपी बटालियन एनसीसी बुलंदशहर के कमांडिंग आफिसर कर्नल संदीप शर्मा के निर्देशन में जागरूकता रैली कॉलेज से शुरू हुई और नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। बाद में कॉलेज में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें कर्नल संदीप शर्मा ने कहा कि प्रदूषित पानी और साफ सफाई के अभाव में बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। हमें जागरूक होना होगा। कॉलेज के प्रधानाचार्य श्यामसुंदर गुप्ता ने कहा कि पानी की किल्लत के लिए हम सभी जिम्मेदार हैं। विश्व जल दिवस पर लोग जल को बचाने का संकल्प लें। इस अवसर पर ले.मुनाजिर हुसैन सिद्दीकी, शोभा सक्सैना, उमेश गोयल, राजकुमार गुप्ता, सूबेदार दिनेश, कैडेट्स चांद मौहम्मद, दीपक कुमार, मौ.परवेज, अंकित, मनीष राणा, निशांत, रन सिंह, गौरांशु, प्रिंस यादव, जुनैद आलम, सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।
फोटो समाचार
बच्चों को बताया जल का महत्व
खुर्जा। विश्व जल दिवस पर नगर के बचपन प्ले स्कूल में नन्हे-मुन्ने बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों को बताया कि अगर पानी नहीं बचाया गया तो बाद में लोगों काफी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। बृहस्पतिवार को विश्व जल दिवस के अवसर पर नगर के गांधी रोड स्थित बचपन प्ले स्कूल में बच्चों को जल का महत्व बताया गया। स्कूल के निदेशक संजय गुप्ता ने बताया कि पानी के बिना जीवन की कल्पना असंभव है। ऐसे में जितना हो सके, हमें पानी बचाना चाहिए। पानी की लगातार बर्बादी से जलस्तर कम होता जा रहा है, जो भविष्य के लिए चिंता का विषय है। शिक्षिकाओं ने बच्चों से कहा कि अगर कहीं भी पानी बेवजह गिरता देखें तो उसे रोकने का प्रयास करें या अपने से किसी बड़े को बताएं। ताकि पानी की बर्बादी को रोका जा सके। बच्चों ने नाटक के जरिए भी पानी बचाने और पौधे लगाने का संदेश दिया। इस दौरान भूमिका, दक्ष, विधि, नाम्या, साफिया, हिबा, उमर, धुन, गीत, तिष्या आदि बच्चों ने कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। ब्यूरो