मुरादाबाद के ध्यानार्थ
89 लाख के गबन में
हेड कैशियर निलंबित
- पावर कॉरपोरेशन के खुर्जा खंड में हुआ था रसीद घोटाला
- रसीदों में प्राप्त धन से अधिक भर दी गई थी धनराशि
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। पावर कॉरपोरेशन में हुए 89 लाख के गबन के मामले में अफसरों ने आरोपी हेड कैशियर को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि घपला खुलने से पहले ही आरोपी का तबादला मुरादाबाद कर दिया था, लेकिन चार दिन पूर्व ही उसका तबादला बुलंदशहर कर दिया गया।
पावर कॉरपोरेशन के खुर्जा खंड में दो माह पूर्व 89 लाख रुपये का रसीद घोटाले का खुलासा हुआ था। खंड के हेड कैशियर समेत अन्य कर्मचारियों ने मिलकर कई उपभोक्ताओं से कम धनराशि लेकर रसीद में अधिक धनराशि अंकित कर दी थी। पिछले कई सालों से कर्मचारियों की मिलीभगत से रसीद में हेराफेरी गाढ़ी कमाई का यह खेल चल रहा था। पहले अफसर इसे 11 लाख का गबन बता रहे थे, लेकिन बाद में हिसाब-किताब करने पर यह घपला बढ़कर89 लाख रुपये पर पहुंच गया। घपले का खुलासा होने से पहले ही आरोपी हेड कैशियर गोपाल कृष्ण का तबादला खुर्जा से मुरादाबाद हो गया था, जबकि चार दिन पूर्व ही आरोपी का बुलंदशहर के द्वितीय खंड में तबादला किया गया है। पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर एमसी शर्मा ने बताया कि गबन के मामले में आरोपी हेड कैशियर को निलंबित किया गया है। आगे की जांच जारी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।