पशु पालकों की गरीबी दूर करेगा गोबर-धन
- जिले के गांव में लगाया जाएगा गोबर गैस प्लांट
- प्लांट के संचालन का जिम्मा गांव के ही किसी शिक्षित युवक को दिया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। गांव देहात में सरकार ने पशुपालकों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अब गोबर-धन योजना की शुरूआत की है।
केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कई योजनाएं चला रही है। इसी क्रम में अब गोबर-धन योजना बनाई गई है। इसके लिए गांव में सरकार की ओर से गोबर गैस प्लांट लगेगा। प्लांट के संचालन का जिम्मा उसी गांव के ही किसी शिक्षित युवक को दिया जाएगा। पशुपालकों से गोबर खरीदा जाएगा और इसके बदले उनको रुपये मिलेंगे। प्लांट में गोबर से गैस और खाद तैयार की जाएगी। इस योजना को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय अफसरों ने तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना में गांव वाजिदपुर को शामिल कर उसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। खास बात यह है कि यह गांव ओडीएफ घोषित है और योजना के मानकों को पूरा करता है। गोबर गैस प्लांट का संचालन जिला पंचायती राज विभाग करेगा।
गांव का वातावरण होगा स्वच्छ
- गोबर गैस प्लांट के संचालन को गोबर खरीदने से जहां पशुपालकों की आमदनी होगी। वहीं, दूसरी ओर गांव का वातावरण भी स्वच्छ रहेगा। अभी अक्सर गांव में जगह-जगह गोबर पड़ा देखा जा सकता है।
कोट
यह योजना पशुपालकों के लिए वरदान साबित होगी। शासन के आदेश पर इसकी जिले में शुरूआत करने की तैयारी शुरू कर दी है। डिबाई क्षेत्र के गांव वाजिदपुर का चयन कर शासन को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। शासन से आदेश मिलने पर प्लांट बनवाने की शुरूआत करा दी जाएगी।
- अमरजीत सिंह, जिला पंचायती राज अधिकारी।