पछुवा हवा पहुंचा रही गेहूं को नुकसान, किसान परेशान
बुगरासी। पिछले काफी दिनों से लगातार चल रही पछुआ हवा गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा रही है। किसान हवा के चलते गेहूं की फसल में पानी नहीं लगा पा रहे हैं। सिंचाई न होने के कारण किसान चिंतित हैं।
वर्तमान में गेहूं की फसल को पानी की जरूरत है और पछुआ हवा के चलते पानी नहीं लग पा रहा है। कृष्ण कुमार लोधी, प्रमोद कुमार, चमन सिंह, पवन कुमार आदि किसानों ने बताया कि गेहूं की फसल बढ़ने के लिए पानी की जरूरत है। हवा चल रही है और गेहूं पर बाली आई हुई है। यदि खेतों में पानी दिया जाता है तो गेहूं की जड़ बाली का वजन सहन नहीं कर जाएगी। पानी से जड़ हल्की पड़ जाती है और हवा के रूख के साथ गेहूं गिरना शुरू हो जाता है। बाली पकी नहीं है। ऐसे में गिरने वाला गेहूं पूरी तरह से नष्ट हो जाएगा। किसानों ने बताया कि यदि एक बाली गिरती है तो उससे सटी हुई गेहूं की बालियां आपस में टकराने से गिरने लगती हैं। किसानों के अनुसार एक ही खेत में एक बार पानी लगाने से लगभग 20 प्रतिशत तक फसल गिर जाती है। किसान पानी नहीं लगने से फसलों की बढ़वार को लेकर परेशान हैं। किसानों का कहना है कि यदि हवा बंद नहीं होती है तो गेहूं की फसल कमजोर रह जाएगी। ब्यूरो