मरीजों को निजी अस्पताल भेजने वाले कर्मियों की होगी जांच
बुलंदशहर। मरीजों को सरकारी अस्पतालों से निजी अस्पतालों में भेजने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अब कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने सीएमएस को आदेश जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला महिला अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं को चिकित्सक और अस्पताल कर्मी ही बरगलाकर निजी अस्पतालों में भेज देते हैं। निजी अस्पताल संचालक इसके बदले कर्मियों को मोटा कमीशन देते हैं। सीएमओ ने महिला अस्पताल की सीएमएस को जांच कर आरोपी कर्मियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। ज्ञात हो कि पिछले कई माह से महिला अस्पताल के कर्मी डिलीवरी के लिए आने वाली महिलाओं को निजी अस्पताल छोड़ने और ले जाने के लिए बाध्य करते हैं। सीएमएस के पास कई शिकायत आने के बाद मामले का खुलासा हुआ था। वहीं, एक युवक द्वारा मामले की शिकायत डीएम से करनेे के बाद सीएमओ ने इन कर्मियों को चिह्नित करने के लिए निर्देश दिए हैं। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि प्रसूताओं को निजी अस्पताल भेजने वाले कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो