शिक्षण सत्र बीतने के बाद मिली किताबों की तीसरी किस्त
- अंतिम किस्त के लिए शासन ने जारी की 31 लाख से अधिक की राशि
- वर्ष 2017-18 के शिक्षण सत्र में परिषदीय स्कूलों में आई थी किताब
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों का वर्ष 2017-18 का शिक्षण सत्र संपन्न होने वाला है। सत्र बीत जाने के बाद अब किताबों की तीसरी किस्त के रूप में शासन से 31 लाख से अधिक की राशि प्राप्त हुई है।
परिषदीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों को निशुल्क किताबें दी जाती हैं। नियमत: किताब खरीदने की राशि तीन किस्तों में दी जाती है। अफसरों के अनुसार कक्षा एक से पांच तक के बच्चों की किताब 51 लाख 40 हजार 342 रुपये में खरीदी गई थी। इस राशि में से दो किस्त पहले प्राप्त हो चुकी है, जबकि तीसरी किस्त के रूप में अब 12 लाख 92 हजार 790 रुपये प्राप्त हुए हैं। इसी तरह कक्षा आठ की 76 लाख 80 हजार 572 रुपये में किताब खरीदी थी। इस राशि की तीसरी किस्त के रूप में अब 18 लाख 34 हजार 115 रुपये की राशि प्राप्त हो गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि प्राप्त हुई इस राशि से खरीदी गई किताबों का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब नया शिक्षण सत्र 2018-19 एक अप्रैल से शुरू होगा। इसमें बच्चों की किताब खरीदने के लिए जल्द ही बजट बनाकर शासन से राशि की मांग की जाएगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है।