कालाआम चौराहे से तत्काल होर्डिंग हटाने के निर्देश
फोटो समाचार
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर के कालाआम चौराहे को होर्डिंग मुक्त कराने के लिए डीएम ने एक बार फिर नगर पालिका ईओ व नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया है। साथ ही डीएम ने कलक्ट्रेट मुख्य द्वार के बाहर लगने वाले ठेले भी हटाने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में दिए गए डीएम के आदेशों के बावजूद कालाआम चौक पर होर्डिंग लगा दिए गए हैं।
बता दें कि जिलाधिकारी डा. रोशन जैकब ने बीते दिनों कालाआम चौराहे पर होर्डिंग न लगाए जाने के निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद कुछ सरकारी व गैरसरकारी होर्डिंग विज्ञापन कालाआम चौराहे पर लगा दिए गए। डीएम ने सोमवार को नगर पालिका ईओ व नगर मजिस्ट्रेट को तत्काल होर्डिंग हटाए जाने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि यातायात की दृष्टि से कालाआम चौराहा व्यस्ततम चौराहा है। इस कारण सुचारु यातायात व दुर्घटनाओं से बचाव के लिए कालाआम चौराहा नो-होर्डिंग जोन किया जाना आवश्यक है। पूर्व में दिए गए आदेशों का अनुपालन न करने पर भी डीएम ने आपत्ति जताई है। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि जल्द से जल्द कालाआम चौराहे को नपा और नगर मजिस्ट्रेट नो-होर्डिंग जोन रखे जाना सुनिश्चित करें। इसके अलावा डीएम ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को निर्देशित करते हुए कहा कि कुछ विक्रेताओं के द्वारा अपने ठेलों को वेंडिंग जोन में न लगाकर कलक्ट्रेट मुख्य द्वार के सामने लगाया जा रहा है। जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है, जल्द से जल्द कलक्ट्रेट मुख्य द्वार पर लगने वाले वेंडर्स के ठेलों को हटाए जाने के निर्देश दिए हैं।