जहरखुरानी गिरोह ने नशीला पदार्थ खिलाकर लूटे दो ई-रिक्शा
बुलंदशहर। नगर में शुक्रवार को दो ई-रिक्शा चालकों को नशीला पदार्थ खिलाकर ई-रिक्शा लूट लिए गए। दोनों चालकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना धमैड़ा क्षेत्र में हुई, जहरखुरानी गिरोह के तीन लोगों ने ई-रिक्शा को बाईपास की तरफ जाने के लिए बुक किया और रास्ते में चालक रशीद को कोई नशीला पदार्थ खिला दिया। नशीला पदार्थ खाने के कुछ ही देर में चालक बेहोश हो गया। इसके बाद तीनों आरोपी उसे रास्ते में फेंककर ई-रिक्शा लूट कर भाग निकले। चालक रशीद को उसके परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। दूसरी घटना में काली नदी रोड पर जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने एक ई-रिक्शा चालक को नशीला पदार्थ खिला दिया और उसका ई-रिक्शा लेकर चलते बने। चालक को बेहोश पड़ा देखकर कुछ लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी। समाचार लिखे जाने तक दोनों ही मामलों में रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकी है।