निकाय निदेशक ने जिले के अधिशासी अधिकारियों को किया तलब
बुलंदशहर। शासन स्तर पर आयोजित बैठक और स्थानीय निकाय निदेशालय द्वारा मांगी गई सूचनाओं का विवरण न दिए जाने पर निकाय निदेशक ने जिले के अधिशासीअधिकारियों को तलब कर लिया। पांच मार्च सुबह दस बजे अफसर लखनऊ पहुंचकर स्पष्टीकरण देंगे। बड़ी बात तो यह है कि जनपद की 17 निकायों में से 16 के अधिशासी अधिकारी बैठक में नहीं पहुंच सके थे। स्थानीय निकाय निदेशक डा. अनिल कुमार सिंह ने लिखा है कि निदेशालय के सभागार में गत 26 फरवरी से 28 फरवरी तक एक आवश्यक बैठक की गई थी। बैठक में जिले से आठ नगरपालिका और आठ नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों ने प्रतिभाग नहीं किया और न ही सूचनाएं उपलब्ध कराईं। निदेशक ने शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही बताई है। साथ ही लिखा है कि 26 फरवरी को जिन निकायों ने प्रतिभाग नहीं किया, उन निकायों के ईओ अपना स्पष्टीकरण एवं 15वं वित्त आयोग की वांछित सूचना के साथ पंाच मार्च को निदेशालय में सुबह दस बजे तक उपस्थित होना सुनिश्चित करें। उपस्थित न होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। निदेशक के पत्र की भाषा बेहद तल्ख है। नगर पालिका ईओ एके सिंह ने बताया कि शासनादेशों का पालन किया जाएगा।
ये अधिशासी अधिकारी रहे अनुपस्थित
- जिले में नौ नगर पालिका और आठ नगर पंचायत हैं। निदेशक ने बुलंदशहर, खुर्जा, अनूपशहर, स्याना, जहांगीराबाद, शिकारपुर, डिबाई, गुलावठी नगर पालिका और ककोड़, औरंगाबाद, खानपुर, बुगरासी, बीबीनगर, नरौरा, छतारी और पहासू नगर पंचायत के ईओ को नोटिस जारी किया है। सिकंदराबाद नगर पालिका का उल्लेख पत्र में नहीं किया गया है।