जिला सहकारी बैंक को मिलेगा ग्रामीण समृद्धि सम्मान
बुलंदशहर। जिला सहकारी बैंक बुलंदशहर को ग्रामीण समृद्धि सम्मान पुरस्कार से नवाजा जाएगा। नाबार्ड की ओर से बैंक द्वारा किसान कार्ड जारी करने में उत्कृष्ट कार्य करने पर यह पुरस्कार मिलेगा। बैंक को यह सम्मान आठ मार्च को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में मिलेगा। नाबार्ड उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के उप महाप्रबंधक जेएस उपाध्याय ने बुलंदशहर जिला सहकारी बैंक के सचिव व मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजकर अवगत करवाया है कि उनके बैंक को नाबार्ड ने ग्रामीण समृद्धि सम्मान पुरस्कार के लिए चुना है। यह निर्णय बैंक द्वारा रुपये किसान कार्ड जारी करने में उत्कृष्ट कार्य करने पर लिया गया है। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ग्रामीण विकास महेंद्र सिंह द्वारा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इससे सहकारी बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी की लहर है। ब्यूरो