एबीएसए की जांच रिपोर्ट पर अफसरों ने मारी कुंडली
बुलंदशहर। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा आचार संहिता में शिक्षक का तबादला करने के आदेशों की जांच रिपोर्ट पर अफसरों ने कुंडली मार ली है। कई महीने बीतने के बाद अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है। इसके चलते अभी तक आरोपी अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।
चार महीने पहले नगर निकाय चुनाव से पूर्व चुनाव आयोग ने आचार संहिता की घोषणा कर दी थी। आचार संहिता लागू होने के बाद भी एक खंड शिक्षा अधिकारी ने अवैध रूप से एक शिक्षक का तबादला कर दिए थे। जबकि नियमानुसार आचार संहिता में कोई भी तबादला आदेश जारी नहीं किया जा सकता है। शिक्षक की शिकायत के आधार पर डीएम ने पूरे मामले में एडीएम प्रशासन को जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए थे। इसके बाद एडीएम के आदेश पर बीएसए द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की गई, लेकिन चार महीने बीतने के बाद भी अभी तक इसकी रिपोर्ट एडीएम को नहीं सौंपी गई है। सूत्रों ने बताया कि विभागीय अधिकारी आरोपी खंड शिक्षा अधिकारी को बचाने में लगे हैं। इस कारण अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है। एडीएम प्रशासन अरविंद मिश्र ने बताया कि अभी तक मामले की जांच रिपोर्ट नहीं आई है। जांच रिपोर्ट आते ही डीएम को सौंप दी जाएगी।