गांव को ओडीएफ करने के नाम पर अवैध उगाही का आरोप, बैठी जांच
बुलंदशहर। किसी अज्ञात व्यक्ति ने जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय की एक महिला कर्मचारी पर गांवों को ओडीएफ में शामिल कराने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। उसने सीडीओ से मामले की शिकयत की है। डीपीआरओ ने मामले में जांच बैठाकर कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
जिले में स्वच्छ भारत अभियान ग्रामीण के तहत गांवों में शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही गांवों को खुले में शौच से मुक्त करने का काम भी प्रगति पर है। इस योजना के शुरू होने के बाद से विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और इससे जुड़े दूसरे लोगों के साथ ग्राम प्रधानों पर योजना के नाम पर अवैध उगाही के आरोप लगते रहे हैं। इससे विभाग खूब किरकिरी भी हुई और कई अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। बावजूद इसके विभाग में अवैध उगाही का धंधा नहीं रुक रहा है। सीडीओ को अज्ञात व्यक्ति ने शिकायत कर एक बार फिर विभाग को कठघरे में खड़ा कर दिया है। सीडीओ को दी गई शिकायत में विभाग की एक महिला कर्मचारी पर गांवों को ओडीएफ की श्रेणी में शामिल करने के नाम पर प्रधानों से अवैध वसूली का आरोप लगाया है। सीडीओ जसजीत कौर ने यह मामले की जांच और कार्रवाई के लिए यह शिकायत जिला पंचायत राज अधिकारी को भेज दी। इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सीडीओ से शिकायत की प्रति मिली है। एक कर्मचारी पर गांवों को ओडीएफ की श्रेणी में शामिल करने के नाम पर अवैध उगाही के आरोप लगाए गए हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शिकायत किस व्यक्ति ने की है ताकि जांच में आसानी हो सके। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।