रोडवेज बसों से सप्लाई कर हो रही लाखों की टैक्स चोरी
- खुर्जा पाटरियों से प्रतिदिन अन्य प्रदेशों में जाता है लाखों रुपये का माल
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। रोडवेज बसों के माध्यम से व्यापारी माल सप्लाई कर लाखों रुपये की टैक्स चोरी कर रहे हैं। खुर्जा क्षेत्र की पाटरियों से रोडवेज बसों के माध्यम से माल सप्लाई होने के बाद भी अफसरों ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। जिसके कारण व्यापारी खुलेआम टैक्स चोरी कर लाखों का चूना लगा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जिले से राजस्थान, हरियाणा जाने वाली रोडवेज बसों के माध्यम से खुर्जा के पॉटरी व्यापारी प्रतिदिन लाखों रुपये का माल टैक्स चोरी कर भेज देते हैं। इस माल को न तो कभी वाणिज्य कर अफसर पकड़ते हैं और न ही अन्य कोई अफसर। वाणिज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर वीपी कटियार ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। अगर ऐसा है तो इस संबंध में व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एआरएम एसपी सिंह ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। इस संबंध में बस चालक व परिचालकों से जानकारी ली जाएगी।