संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटी महिला, मौत
- बच्ची की मौत के बाद हो गई थी अवसाद में
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ दिनों से अवसाद में रह रही थी।
नगर के मोहल्ला गिरधारी नगर निवासी बाला(24) पत्नी सोनू शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। परिजनों की खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह कुछ लोगों ने एक महिला का शव गिरधारी नगर स्थित रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने बताया कि बाला की पुत्री का करीब दो माह पूर्व बीमारी के चलते निधन हो गया था। इसके बाद से ही बाला अवसाद में रह रही थी। उपनिरीक्षक योगेश बालियान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आ रहा है कि महिला की मौत रात में किसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा।