प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों को मिलेगी बुकलेट
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों को बुकलेट मिलेगी। इसके जरिए उन्हें कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी। आवास निर्माण में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार ने यह पहल की है। प्रधानमंत्री आवास के आवंटन में प्रधान व सचिव पर अवैध वसूली के आरोप लगते रहे हैं। आरोप यह भी हैं कि पात्र को आवास की राशि मिलने से पहले या खाते में पहुंचने के बाद तय की गई अवैध वसूली की राशि हड़प ली जाती है। इस पर केंद्र सरकार के साथ शासन ने कड़ा संज्ञान लिया है और प्रधानमंत्री आवास बुकलेट (पुस्तक) के जरिए गांव-गांव फैले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की पहल की है। प्रधानमंत्री आवास बुकलेट फिलहाल 2017-18 में चयनित परिवारों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत वह पात्रता के चयन से निर्माण तक की जानकारी कर सकेंगे। उन्हें आवास की गुणवत्ता और दलालों से मुक्ति की जानकारी भी मिल जाएगी। बुकलेट पढ़कर लाभार्थी भ्रष्टाचार मुक्त तो होंगे ही, आवास को साफ रखने की जानकारी भी हासिल कर सकेंगे। सीडीओ जसजीत कौर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास निर्माण की पूरी जानकारी के लिए पात्रों को प्रधानमंत्री आवास बुकलेट मुहैया कराई जाएगी। इससे लाभार्थियों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी तो साथ ही अवैध वसूली और भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलेगी। इस बुकलेट को चालू वित्तीय वर्ष के लाभार्थियों को दिया जाएगा। ब्यूरो