पशुओं से भरे चार ट्रक पकड़े, दो गिरफ्तार
- चार बछड़े मिले मृत, 340 बछड़ों को ग्रामीणों को सुपुर्द करने की तैयारी
- ट्रकों में पशुओं को पैरों से बांधकर ठूंस ठूंसकर भरा गया था
फोटो समाचार
बीबीनगर। थाना पुलिस ने चार ट्रकों में भरे पशुओं के सैकड़ों बछड़े बरामद कर दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके पर दो पशु तस्कर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। ट्रक में चार बछड़े मृत पाए गए। थाना पुलिस ने मुक्त कराऐं पशुओं के बछड़ों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद मृत पशुओं का पोस्टमार्टम करा दफना दिया है। पशु तस्करों से मिले कागजों के आधार पर पुलिस ने जांच के बाद नौ भैंस किसानों की सुपुर्दगी में दे दी। फिलहाल पुलिस 340 बछड़ों को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में देने की तैयारी कर रही है। इतनी बड़ी तादात में पशुओं के बछड़े मिलने के बाद से ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालक बछड़ों को अपनी सुपुर्दगी में लेने के लिए थाने में डेरा डाले हुए हैं।
बीबीनगर के कार्यवाहक थाना प्रभारी उप निरिक्षक राजबहादुर राठी ने बताया कि सोमवार शाम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुलावठी की ओर से आ रहे चार बड़े ट्रक व एक कैंटर को पकड़ा। ट्रकों से पुलिस ने 340 जिंदा व एक मृत पशु के बछड़े बरामद किए। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों सतीश निवासी कहोडा कोतवाली देहात जनपद हरदोई व शादाब निवासी रशीदनगर थाना लिसाड़ी गेट जनपद मेरठ को हिरासत में लिया है, जबकि दो अज्ञात आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। ट्रकों में दो मंजिल बनाकर पशुओं की टागें बांधकर ठूंस ठूंसकर भरा गया था। हिरासत में लिए गए चालक ने पुलिस को बताया कि वे पशुओं को गुलावठी पैठ से खरीद कर लाए हैं। थाना पुलिस ने पशु विभाग को सूचना देकर पशुओं का परीक्षण कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि पशु तस्कर पशुओं को गोंडा, हरदोई व संभल आदि जगह ले जा रहे थे। पशु चिकित्सा अधिकारी डा. प्रदीप कुमार ने बताया कि मृत पशुओं के पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत का मामला सामने आया है। टीम में डिप्टी सीबीओ डा. वीरेद्र सिंह, डा. पुनीत गुप्ता, डा. रोहताश कुमार आदि पशुओं का इलाज कर रहे हैं।