प्रशिक्षु दरोगाओं के असलाह लिए जाएंगे वापस
- एसएसपी ने आवंटित की गई पिस्टल-रिवाल्वर वापस लेने के दिए निर्देश
- नोएडा में फर्जी एनकाउंटर के बाद एसएसपी ने लिया कड़ा निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नोएडा में हुए फर्जी एनकाउंटर के बाद जिला पुलिस भी सजग नजर आ रही है। एसएसपी ने जिले में तैनात प्रशिक्षु दारोगाओं के पास असलाह न देने के निर्देश दिए हैं। वहीं उनसे तत्काल असलाह वापस ले लिए जाएंगे।
यूपी पुलिस के ताबड़तोड़ एनकाउंटर के बीच नोएडा के सेक्टर 122 में प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर ने शनिवार रात एक जिम ट्रेनर को उसकी कार में गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिम ट्रेनर जितेंद्र यादव के परिजनों ने पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर करने का आरोप लगाया था। मामले में नोएडा पुलिस अधिकारियों ने आरोपी उक्त प्रशिक्षु दारोगा व तीन अन्य साथियों को निलंबित कर दिया है। इस घटना के बाद से यूपी पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान उठने लगे हैं। वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस में तैनात प्रशिक्षु दारोगाओं के लिए एसएसपी ने सख्त कदम उठाए हैं। एसएसपी मुनीराज जी. ने बताया कि जनपद में तैनात प्रशिक्षु दरोगाओं को असलाह उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। वर्तमान में जिन प्रशिक्षु दारोगाओं के पास असलाह हैं, उनसे जमा करा लिए गए हैं। प्रशिक्षण होने के बाद ही उन्हें असलाह उपलब्ध कराया जाएगा।