जिला अस्पताल को जल्द मिलेगी डायलिसिस की सौगात
शासन ने दिया तीन कार्य दिवस में दो हजार मीटर जगह चिह्नित करने का निर्देश
बुलंदशहर।
जिला अस्पताल में मरीजों को जल्द ही डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। शासन ने पत्र भेजकर जिला अस्पताल में डायलिसिस मशीन को लगाने के लिए 2000 वर्ग मीटर जगह चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला अस्पताल में अभी तक एक्सरे एवं अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था है। शासन ने डिजिटल एक्स-रे के लिए भी आदेश दे दिए हैं। जल्द ही डिजिटल एक्स-रे मशीन अस्पताल में पहुंच जाएगी। अब शासन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रदेश के 23 जिला स्तरीय चिकित्सालयों में डायलिसिस मशीन के लिए 2000 वर्ग मीटर जगह चिह्नित के निर्देश देकर तीन कार्य दिवस में जवाब मांगा है। इसको लेकर बुलंदशहर जिला अस्पताल प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीएमएस डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि एक-दो दिन में जगह चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।
क्या है डायलिसिस
खून की सफाई करने की एक कृत्रिम विधि डायलिसिस है। यदि किसी व्यक्ति के गुर्दे सही से काम नहीं कर रहे होते हैं, तो अकसर इस विधि का प्रयोग किया जाता है। इसके अलावा गुर्दे से जुड़े अन्य रोगों, हाई ब्लड प्रेशर, पुरानी शुगर जैसी बीमारियों में भी डायलिसिस का प्रयोग किया जाता है।