कन्यादान देने के लिए पहुंचे सांसद
बुलंदशहर/शिकारपुर। सांसद भोला सिंह समेत अन्य लोगों का रविवार को भैंसरौली निवासी शहीद की बेटी की शादी में कन्यादान देने के लिए तांता लगा रहा। देर शाम बारात पहुंची और सादगी के साथ शहीद की बेटी ने सात फेरे लिए।
भैंसरौली नारिसरपुर निवासी जगपाल सिंह बीएसएफ की 173 बटालियन में हेड कांस्टेबल थे। 19 जनवरी को जम्मू के सांबा सेक्टर में पाकिस्तान की गोलीबारी में शहीद हो गए थे। जगपाल सिंह ने शहीद होने से पहले पुत्री निशा की शादी स्याना क्षेत्र के गांव हरमानपुर के तारा सिंह के बेटे ललित के साथ तय कर दी थी। ललित भी आर्मी में तैनात हैं। उनके शहीद होने के बाद परिजनों को बेटी की शादी की चिंता सताने लगी। मगर, दोनों परिवारों ने मिलकर चार फरवरी को शादी करने का निर्णय लिया। शहीद की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए रिश्तेदार आदि लोग रविवार सुबह से ही पहुंचने लगे। इस दौरान शहीद को याद कर सभी की आंख नम थी। बेटी निशा के साथ परिवार वालों के आंसू नहीं रुक रहे थे। निशा अपने पिता को बार-बार याद कर उनकी कमी महसूस कर रही थी। कन्या देने के लिए सांसद भोला सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, पूर्व शिक्षा मंत्री किरनाल सिंह, रालोद नेता वीरेंद्र लौर, रालोद पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी, पूर्व ब्लाक प्रमुख पिंटू चौधरी, शिकारपुर ब्लॉक प्रमुख कुसुम शर्मा के पति राकेश शर्मा, नगर पालिका परिषद बुलंदशहर के चेयरमैन मनोज गर्ग, एसडीएम शिकारपुर अविनाश चंद मौर्य और तहसीलदार शिकारपुर इदरीश अहमद आदि ने शहीद के गांच पहुंचकर कन्यादान दिए।