शौचालय निर्माण में लापरवाही पर तीन अफसरों पर कार्रवाई के आदेश
- लखावटी, जहांगीराबाद व अनूपशहर के अफसरों को डीएम ने फटकारा
- अच्छी प्रगति पाए जाने पर कई अफसरों के कार्य की प्रशंसा की
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने में अधिकारी जमकर लापरवाही बरत रहे हैं। इसका खुलासा डीएम की समीक्षा बैठक में हुआ, जिसके बाद डीएम ने तीन खंड विकास अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वहीं कई खंडों में कार्य संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों को जमकर प्रशंसा की गई।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित बैठक में डीएम ने अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने शौचालय निर्माण एवं फोटो अपलोडिंग की गहनता से समीक्षा करते हुए पाया कि लखावटी, अनूपशहर व जहांगीराबाद में लक्ष्य के सापेक्ष कार्य नहीं किया जा रहा है, जिसके बाद तीनों खंड विकास अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के लिए सीडीओ को निर्देशित किया गया। इसके अलावा खुर्जा, सिकंदराबाद, पहासू व अरनिया ब्लॉक में कार्य की प्रगति बेहतर पाए जाने पर डीएम ने संबंधित खंड के अफसरों की तारीफ की। समीक्षा में डीएम ने पाया कि वर्ष 2017-18 में 41820 शौचालयों के सापेक्ष 60800 शौचालयों का निर्माण कराया गया है जो कि लक्ष्य से 18980 शौचालय अधिक है। बताया कि अभी तक जिले की 254 ग्राम पंचायतों को अभी तक ओडीएफ किया जा चुका है। डीएम ने ग्राम प्रधान व अफसरों से जिले को स्वच्छ बनाने के लिए अभियान को युद्धस्तर पर जारी रखने का आवाहन किया।