अगौता ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव
61 में से 43 पंचायत सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ डीएम को दिया शपथपत्र
विकास कार्यों और धनराशि के प्रयोग में अनियमितता बरतने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
अब ब्लॉक प्रमुख अगौता की कुर्सी को लेकर रार शुरू हो र्गई है। 61 में से 43 पंचायत सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख पर शासन से प्राप्त धनराधि के प्रयोग में अनियमितता बरतने, विकास न करवाने और सदस्यों का मानदेय नहीं दिलवाने के आरोप लगाकर डीएम को शपथ देकर अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है। यह शिकायत डीएम के मध्यम से जिला पंचायत राज अधिकारी के पास पहुंच गई है और जांच बैठ गई है।
अगौता ब्लॉक के 61 पंचायत सदस्यों में से लोकेंद्र, राजकुमार, अहसान, सेवक, अजीत सिंह, किरनवीर सिंह, गिरराज और शोभा समेत 43 सदस्यों ने डीएम को शपथ देकर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है। उनका आरोप है कि विकास के लिए सरकारी खजाने में जो धनराशि आ रही है, उसका प्रयोग ब्लॉक प्रमुख द्वारा पूर्ण रूप से विकास कार्यों में नहीं किया जा रहा है। निर्माण और विकास की धनराशि में अनियमितता और घोटाला किया जा रहा है। प्रस्ताव देने के बाद भी आज तक कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है। सदस्यों को बैठक में शामिल होने पर मिलने वाला मानदेय भी नहीं दिलवाया जा रहा है। ब्लॉक प्रमुख के कार्यों से वे संतुष्ट नहीं हैं। इसलिए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना जरूरी है।
वर्जन
अविश्वास प्रस्ताव के मामले पर जांच बैठ गई है। जल्द ही तिथि जारी कर शपथ पत्र देने वाले सदस्यों के बयान दर्ज किए जाएंगे। उसके बाद उचित फैसला लिया जाएगा।
- अमरजीत सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी
पंचायत सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं। 14वें वित्त आयोग से उन्हें विकास के लिए राशि नहीं मिली। जो भी राशि मिली है, उससे 19 गांवों में कार्य करवाए जा चुके हैं। रही मानदेय की बात, तो जो सदस्य बैठक में मौजूद रहेगा, उसे ही मानदेय का भुगतान किया जाएगा।
- जय सिंह, ब्लॉक प्रमुख, अगौता ब्लॉक