आधार कार्ड है साथ तो खाली जेब कर सकेंगे बसों में यात्रा
- आधार कार्ड से लिंक बैंक खाते से काटी जाएगी धनराशि
- कैशलैस सुविधा को बढ़ावा देने के लिए शासन ने शुरू की पहल
चेतन शर्मा
बुलंदशहर।
परिवहन निगम की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। बसों में कैशलेस सुविधा को बढ़ावा देने के लिए शासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों का खाता आधार कार्ड से लिंक होने पर इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
परिवहन निगम यात्रियों का सफर सुगम बनाने के लिए लगातार योजनाएं बना रहा है। इसी के तहत निगम अब खाली जेब होने पर भी सफर कराने की सौगात देने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इसके लिए निगम के परिचालकों को नई तकनीक से लैस मशीनें दी जाएंगी। इसके बाद यात्री से टिकट के बदले पिन कोड पूछा जाएगा। इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद किराए की धनराशि यात्री के बैंक खाते से कट जाएगी। परिचालक धनराशि कटने के बाद यात्री को टिकट निकालकर देंगे। इसके लिए एकाउंट का आधार से लिंक होना अनिवार्य होगा। विभाग के अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था अगर लागू हो जाती है, तो खुले रुपये की समस्या भी दूर हो जाएगी। रोडवेज बसों में सफर करने के दौरान अक्सर परिचालक एवं यात्रियों के बीच समस्या बनी रहती है। यात्रा के दौरान खुले रुपये न होने पर परिचालक टिकट के पीछे शेष धनराशि अंकित कर देते हैं। यात्री कभी-कभी जल्दबाजी में उतरते समय टिकट पर अंकित धनराशि को लेना भूल जाते हैं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि शासन की योजना अच्छी है। निगम से नई तकनीकी से लैस मशीनें आने पर परिचालकों को दे दिया जाएगा। इस सुविधा से खुले रुपये की अड़चन भी दूर हो जाएगी।