प्रतिदिन देखे 60 से अधिक मरीज तो चिकित्सकों को मिलेगा अनुदान
- अरबन हेल्थ पोस्ट पर तैनात चिकित्सकों को मिलेगा योजना का लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
सरकारी अस्पतालों में अधिक से अधिक मरीजों को देखने के लिए अब चिकित्सकों को प्रति मरीज धनराशि दी जाएगी। इसके लिए शासन के आदेशों के बाद सीएमओ ने आदेश जारी करते हुए अरबन हेल्थ पोस्ट के चिकित्सकों को अवगत करा दिया है।
सरकारी अस्पतालों में तैनात चिकित्सकों का मरीजों के प्रति लगाव बढ़ाने के लिए शासन ने नई योजना बनाई है। इसके लिए अरबन हेल्थ पोस्ट पर तैनात चिकित्सकों को प्रतिदिन 60 से अधिक मरीज देखने पर प्रति मरीज निर्धारित धनराशि दिए जाने के आदेश दिए हैं। शासन को उम्मीद है कि इससे अस्पतालों में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ेगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। शुरुआत में नगर के चार अरबन हेल्थ पोस्ट गिरधारी नगर, धमेड़ा अड्डा, सरायधारी व शास्त्रीनगर में योजना का शुभारंभ किया जाएगा। शासन के आदेशानुसार पहले चरण में अप्रैल 2017 से नवंबर 2017 तक अरबन हेल्थ पोस्ट में आने वाले कुल 157542 मरीजों के सापेक्ष चिकित्सकों को धनराशि का वितरण किया जाएगा। एसीएमओ डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि शासन के आदेशानुसार कार्रवाई की जा रही है। आदेशों के तहत मानक पूरा करने वाले चिकित्सकों को लाभ दिया जाएगा।