शिक्षण संस्थानों में नहीं मना गणतंत्र दिवस तो होगी कार्रवाई
- गणतंत्र दिवस की तैयारियों में जुटे शिक्षक और विद्यार्थी
- मॉडल स्कूलों में विशेष कार्यक्रमों का होगा आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले के शिक्षण संस्थानों में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण व सामूहिक योग का आयोजन होगा। इसे लेकर शासन की ओर से आदेश जारी किया गया है। वहीं जिन शिक्षण संस्थानों में गणतंत्र दिवस नहीं मनाया गया तो कार्रवाई होगी। गणतंत्र दिवस की तैयारियों में शिक्षक और विद्यार्थी अभी से जुट गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 20 मॉडल स्कूलों में विशेष कार्यक्रम और अन्य परिषदीय स्कूलों में ध्वजारोहण के साथ सामूहिक योग के आदेश जारी किए गए हैं। इसी तरह माध्यमिक विद्यालयों के अलावा अन्य शिक्षण संस्थानों में भी गणतंत्र दिवस मनाए जाने के आदेश हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार आर्य और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि शासन का आदेश है कि अगर किसी शिक्षण संस्थान में गणतंत्र दिवस नहीं मनाया गया तो कार्रवाई होगी। इससे सभी शिक्षण संस्थानों को अवगत करा दिया गया है।