तीर्थ नगरी के रूप में विकसित होगी छोटी काशी
सात करोड़ की लागत से पर्यटन विभाग कराएगा सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार
गंगा के घाटों को सजाने-संवारने का काम हुआ शुरू, अधिकारियों ने किया दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
फोटो समाचार
अनूपशहर/बुलंदशहर।
छोटी काशी अनूपशहर जल्द ही पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगी। इसके लिए गंगा घाटों को सजाने-संवारने का काम शुरू हो गया है। गंगा किनारे नए घाट बनेंगे और पुराने घाटों का सौंदर्यीकरण होगा। इस कार्य पर सात करोड़ रुपये खर्च होंगे। शनिवार को पर्यटन विभाग के उपनिदेशक अमित कुमार ने विधायक संजय शर्मा और एसडीएम सदानंद गुप्ता के साथ घाटों का निरीक्षण किया और कार्ययोजना का खाका खींचा।
विधायक संजय शर्मा की पहल पर पर्यटन विभाग की ओर से छोटी काशी गंगा नगरी अनूपशहर के घाटों के सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो गया है। पुराने घाटों को संवारने और नए घाटों के निर्माण के लिए विधायक के साथ उपनिदेशक पर्यटन अमित कुमार विभाग के अन्य अफसरों के साथ शनिवार को अनूपशहर पहुंचे। उन्होंने बबस्टागंज घाटों के विभिन्न पहलुओं को जाना और बातचीत कर कार्ययोजना तैयार की। एसडीएम सदानंद गुप्ता ने कहा कि इस काम के लिए जमीन आदि की उपलब्ध सुनिश्चित की जा रही है। अनूपशहर गंगातट पर हर माह हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते हैं। उन्हें ठहरने की समस्या होती है। साथ ही घाटों पर जरूरी सुविधाएं न होने से भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विधायक संजय शर्मा ने कहा कि अनूपशहर को तीर्थनगरी के तौर पर विकसित करने और पर्यटन के नक्शे पर लाने पूरा प्रयास किया जा रहा है
उपनिदेशक पर्यटन अमित कुमार ने बताया कि धार्मिक व सांस्कृतिक नजरिये से अनूपशहर का महत्वपूर्ण स्थान है। पहले से बने बबस्टर गंज घाटों का जीर्णोंद्धार कराने और नए घाटों के निर्माण का प्रस्ताव बनाया गया है। पर्यटन विभाग की इस पहल से कस्बे में खुशी की लहर है।
गंगा किनारे हाेंगी यह सुविधाएं
गंगा आरती स्थल
आधुनिक महिला घाट
वस्त्र परिवर्तन कक्ष
सोलर लाइटें लगेंगी
साफ-सुथरे शौचालय
बैठने के लिये बेंच
ठहरने के लिए धर्मशाला व गेस्ट हाउस
बबस्टर गंज में बने यात्री विश्रामालय को गेस्ट हाउस में तब्दील करने का भी प्रस्ताव है