अब खुलेंगे बंद पड़े एएनएम सेंटर
- एनएचएम के तहत जिले में 79 एएनएम देगी स्वास्थ्य सेवाएं, ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
- रिक्त चल रहे ब्लॉक क्षेत्र में तैनात की जाएंगी एएनएम
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। काफी दिनों से बंद पड़े एएनएम सेंटर अब जल्द ही खुल जाएंगे। इसके लिए एनएचएम के तहत 79 एएनएम नियुक्त की गई है। अब उन्हें एएनएम सेंटरों पर रिक्त चल रहे पदों पर तैनात किया जाएगा। इनके खुलने से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। वहीं लोगों को अपंजीकृत डॉक्टरों से भी छुटकारा मिल जाएगा।
सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की चिकित्सा सुविधा के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र (एएनएम सेंटरों) की स्थापना की गई थी। इन सेंटरों पर शुरुआत में तो लोगों को चिकित्सा सुविधा मिली, लेकिन कुछ समय बाद एएनएम को नगरीय क्षेत्र में तैनाती मिलने से लोगों को सुविधा मिलनी बंद हो गई। विगत काफी समय से जिले के अधिकांश सेंटराें पर एएनएम के काफी पद रिक्त चल रहे थे। इसके चलते यह बंद हो गए थे। इन सेंटरों पर एएनएम की नियुक्ति न होने से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को ब्लॉक क्षेत्रों की दौड़ लगानी पड़ रही थी। ग्रामीणों की परेशानियों को देख जिला स्वास्थ्य विभाग ने शासन से रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग की। शासन ने एनएचएम के तहत 79 एएनएम को बुलंदशहर में तैनाती दी है। इसके साथ तीन लैब टेकिभनशियन एवं पांच स्टाफ नर्सों की भी नियुक्ति हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. केएन तिवारी ने बताया कि जल्द ही एनएचएम के तहत भर्ती की गई एएनएम को उप स्वास्थ्य केंद्राें पर नियुक्त किया जाएगा। 79 एएनएम मिलने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। इसके लिए ब्लॉक क्षेत्र से स्टाफ की सूची के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।