अब जिला अस्पताल में 24 घंटे होगी खून की जांच
- स्वास्थ्य महानिदेशक के आदेश पर अधिकारियों ने शुरू की तैयारी
- अब से पहले मात्र चार घंटे होती थी खून की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला अस्पताल में अब मरीज 24 घंटे खून की जांच करा सकते हैं। मरीजों की परेशानी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
जिला अस्पताल में अभी तक चार घंटे ही खून की जांच की रही थी। इस कारण देरी से आने वाले मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। वहीं दूसरी ओर मरीजों के उपचार करने में भी खून जांच की रिपोर्ट न होने पर मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिला अस्पताल में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज अपना उपचार कराने के लिए आ रहे हैं। इनमें अधिकांश को मरीजों को चिकित्सक खून की जांच के लिए लैब भेज देते थे। लेकिन कम समय तक ही लैब का संचालन होने से मरीजों को दूसरे दिन का इंतजार या प्राइवेट लैब में जाकर खून की जांच करानी पड़ती थी। स्वास्थ्य विभाग से निर्देश मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने ब्लड बैंक के प्रभारी अधिकारी को पत्र भेजकर 24 घंटे खून की जांच करने के निर्देश जारी किए हैं। सीएमएस डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि खून की जांच के लिए चार घंटे लैब खुलने से मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। मरीजों की शिकायत पर ब्लड बैंक के अधिकारी को 24 घंटे खून की जांच करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।