केंद्र सरकार की टीम गुपचुप कर रही नगर का सर्वे
- भारत सरकार की सर्वेक्षण टीम पिछले तीन दिनों से डाले है डेरा
-सोमवार को टीम नगर के लोगों से होगी रूबरू
जहांगीराबाद। जहांगीराबाद नगर की सफाई व्यवस्था कैसी है, इसका आंकलन पिछले तीन दिनों से नगर में मौजूद भारत सरकार की सर्वेक्षण टीम तय करेगी। टीम का सर्वे पूरी तरह से गोपनीय रखा जा रहा है। सोमवार को होने वाले स्थानीय लोगों के फीडबैक पर ही पालिका के अंकों का निर्धारण किया जाएगा। ऐसे में सर्वे टीम को लेकर अब पालिका प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ हैं। किसी प्रकार की खामी न रहे, इसके लिए अब पालिका प्रशासन भी स्वच्छता के लिए दिन रात एक कर व्यवस्था बनाने में जुटा हुआ है।
सफाई व्यवस्था के आधार पर निकायों की ग्रेडिंग का निर्धारण किया जाएगा। इसके लिए शासन स्वच्छता सर्वेक्षण करा रहा है। सर्वेक्षण के लिए भारत सरकार की एक टीम 12जनवरी से नगर में डेरा डाले है। पूरी तरह से गोपनीय रहने वाले इस सर्वे के बारे में टीम के सदस्य खुद पालिका प्रशासन को जानकारी नहीं दे रहे है।
टीम के सदस्य स्थानीय निरीक्षण कर जहां उसकी फोटोग्राफी कर रहे है वही उसकी पूरी जानकारी शासन को भी उपलब्ध करा रहे है। सोमवार को सर्वे के दौरान स्थानीय लोगों से उनके मोबाइल नंबर भी लिए जाएंगे। बाद में इन नंबरों पर फोन करके उनसे शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। पालिका प्रशासन इस बात को लेकर परेशान है कि पता नहीं फोन पर जानकारी देने वाले कैसा फीडबैक देते हैं। कोई चूक न रहे, इसके लिए पालिका प्रशासन द्वारा शहर में जगह-जगह पर कूडे़दान रखवाने के साथ समय पर कचरे का उठान कराया जा रहा है।
अधिशासी अधिकारी संदीप सक्सैना का कहना है कि सभी सफाई कर्मियों को हिदायत दी जा चुकी है। स्थानीय लोगों से भी स्वच्छता के लिए अपील की गई है। सफाई व्यवस्था बहुत अच्छे ढंग से चल रही है और पालिका प्रशासन पूरे नगर की सफाई के लिए कटिवद्घ है।