टेंडर के फेर में अटका ककोड़ ब्लॉक का निर्माण
- शासन को भेजे जा चुके हैं निर्माण करवाने वाले विभागों के नाम और प्रस्ताव
- काफी समय बीत जाने के बाद भी अब तक नहीं बढ़ी प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
ककोड़ ब्लॉक का निर्माण टेंडर के फेर में अटक गया है। काफी समय बीत जाने के बाद भी प्रक्रिया अभी आगे नहीं बढ़ पाई है। जबकि क्षेत्र की जनता को ब्लॉक की सौगात मिलने का इंतजार है।
जिले में 16 ब्लॉक संचालित हैं। सपा सरकार के शासन में ककोड़ को ब्लॉक बनाने की घोषणा की गई थी। इस नए ब्लॉक में सिकंदराबाद और खुर्जा ब्लॉक के गांवों को शामिल किया जाना है। उस समय शासन के आदेश पर जिला प्रशासन की ओर से ब्लॉक निर्माण के लिए जमीन भी अधिग्रहित कर ली गई थी। इसके साथ ही ब्लॉक के भवन निर्माण के लिए कई विभागों को टेंडर देने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसमें तीन विभागाें ने टेंडर के आधार पर प्रस्ताव बनाकर जिला प्रशासन को सौंप दिया था। टेंडर का प्रस्ताव भी जिला प्रशासन की ओर से अगस्त 2017 को शासन को भेज दिया गया था, लेकिन अब तक शासन की ओर से ब्लॉक निर्माण को जारी हुए टेंडर पास नहीं हुए हैं। इसके चलते निर्माण कार्य भी शुरू नहीं हुआ है। वहीं, दूसरी ओर क्षेत्र की जनता को ब्लॉक की सौगात का इंतजार है। मुख्य विकास अधिकारी जसजीत कौर का कहना है कि शासन को ककोड़ ब्लॉक के भवन निर्माण के लिए तीन विभागाें से प्राप्त टेंडर के आधार पर मिले प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। अब तक शासन की ओर से कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। शासन से जो भी आदेश प्राप्त होगा, उसका पालन किया जाएगा।