2019 से पानी के जहाज से सऊदी अरब जा सकेंगे हज यात्री
1995 में लग गई थी रोक, सऊदी सरकार ने फिर दी अनुमति
तीन-चार दिन में तय हो जाएगी यात्रा, किराया भी कम देना होगा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
हज यात्रा के लिए आजमीन-ए-हज वर्ष 2019 से पानी के जहाज से सऊदी अरब जा सकेंगे। 1995 में बंद हुई यात्रा के फिर से संचालन पर सऊदी सरकार ने सहमति दे दी है।
जिला हज प्रशिक्षण एवं टीकाकरण केंद्र के प्रबंधक हाजी नूर मोहम्मद कुरैशी ने बताया कि 1995 में सऊदी सरकार ने पानी के जहाज से हज यात्रा करने पर रोक लगा दी थी। अब फिर से मुंबई से जेद्दा तक का सफर पानी के जहाज से हो सकेगा। पहले यह सफर 12 से 15 दिन में तय होता था, लेकिन अब केवल तीन से चार दिन ही लगेंगे, क्योंकि पानी के जहाज भी आधुनिक हो गए हैं। ऐसे में यात्रा पर किराया भी कम ही देना होगा।
इस संबंध में मुस्लिम समाज की मंगलवार को बैठक हुई, जिसमें जल मार्ग से यात्रा शुरू होने पर खुशी का इजहार किया गया। बैठक का संचालन डॉ. जहीर ने किया। मो. अहमद, अफसर बेग, अफजाल बर्नी, हबीबुद्दीन उर्फ हब्बो, डॉ. मुमताज बाबू आदि मौजूद रहे।