बिना आधार रुकी 50 हजार गैस उपभोक्ताओं की सब्सिडी
- सब्सिडी की जानकारी के लिए उपभोक्ता पहुंचे रहे गैस एजेंसी
- अफसर बोले, सब्सिडी के लिए आधार कार्ड है जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
जिले में बिना आधार वाले करीब 50 हजार घरेलू गैस उपभोक्ताओं की सब्सिडी रुक गई है। ऐसे उपभोक्ता सब्सिडी के लिए गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। अफसरों का कहना है कि सब्सिडी के लिए आधार कार्ड जरूरी है। जब तक आधार की कॉपी गैस एजेंसी में जमा नहीं होगी, तब तक सब्सिडी नहीं मिलेगी।
जिले में विभिन्न पेट्रो कंपनियों की घरेलू गैस का सिलेंडर उपलब्ध करवाने के लिए छोटी-बड़ी 55 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इन से पांच लाख से अधिक घरेलू गैस कनेक्शन वाले उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। पिछले काफी दिनों से नियमानुसार गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी उपभोक्ताओं के खाते में सीधे पहुंचती है। इसके लिए आधार कार्ड जरूरी कर दिया था। करीब 50 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने अब तक गैस एजेंसी पर अपने आधार की कॉपी जमा नहीं करवाई है, ऐसे में अब उनकी सब्सिडी रोक दी गई है। नगर की तिरुपति गैस एजेंसी के संचालक मुकेश गुप्ता का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं ने आधार नंबर उपलब्ध नहीं करवाया, उनकी सब्सिडी रुक गई है। ऐसे उपभोक्ता गैस एजेंसी पर पहुंचकर अपनी सब्सिडी की जानकारी ले रहे हैं। पूर्ति अधिकारी केबी सिंह का कहना है कि घरेलू गैस पर सब्सिडी बिना आधार के नहीं मिलती है। इसलिए ऐसे उपभोक्ताओं को चाहिए कि वह जल्द से जल्द अपने आधार की कॉपी गैस एजेंसी पर जमा करवा दें। यदि इसमें देर की गई तो ऐसे उपभोक्ता भविष्य में गैस लेने से वंचित रह सकते हैं।