प्रसूताओं को ठंड से बचाने के लिए लगेंगे हीटर
खबर का असर
- अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेकर डीएम ने सीएमओ को दिए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला महिला अस्पताल में अब प्रसूता और नवजात को ठंड नहीं सताएगी। उन्हें ठंड से बचाने के लिए अस्पताल में हीटर लगाए जाएंगे। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद शनिवार को डीएम ने सीएमओ को अस्पताल में हीटर लगवाने के आदेश जारी किए हैं।
इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आम नागरिक ठंड से बचने के लिए घरों में कैद हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर जिला महिला अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं को ठंड से बचने के लिए महज एक कंबल दिया जा रहा है। ठंड से नवजात एवं प्रसूता को बचाने के लिए परिजनों को घरों से रजाई लानी पड़ रही है। इस समस्या को अमर उजाला ने शनिवार के अंक में ‘ठंड से सिहर रहे नवजात और मां’ नामक शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। समाचार को संज्ञान में लेते हुए डीएम डॉ. रोशन जैकब ने सीएमओ को तत्काल हीटर लगवाने का आदेश दिए हैं। इस आदेश के चलते अब अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं एवं नवजातों को ठंड से राहत मिलेगी। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि डीएम का आदेश मिल गया है। जिला महिला अस्पताल में भर्ती प्रसूता एवं नवजातों को सर्दी से निजात दिलाने के लिए जल्द ही पांच हीटर लगाए जाएंगे। दूसरी ओर डीएम के इस आदेश की अस्पताल में खासी चर्चा रही। तीमारदारों का कहना था कि यदि इस समस्या को अमर उजाला प्रमुखता से नहीं उठाता तो प्रसूताओं को ठंड का लगातार सामना करना पड़ता। अब अस्पताल में हीटर लगने से सभी को राहत मिलेगी।