मुठभेड़ में इनामी बदमाश ढेर
वलीपुरा नहर की पटरी पर 50 हजार के इनामी सत्यवीर उर्फ सत्ते को पुलिस ने मार गिराया
आईजी मेरठ जोन, एसएसपी व एसपी सिटी की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी गोली
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
स्वाट टीम और नगर कोतवाली पुलिस ने बुधवार देर रात वलीपुरा नहर की पटरी पर स्थित धोबीघाट के निकट मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश सत्यवीर उर्फ सत्ते को मार गिराया। उसका एक साथी भाग निकला।
नगर कोतवाल धनंजय मिश्र और स्वाट टीम वलीपुरा नहर की पटरी पर गश्त कर रहे थे। तभी सामने से एक बाइक पर आते दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो पीछे बैठे बदमाश ने फायरिंग कर दी। वहीं वायरलेस पर सूचना फ्लैश होते ही क्षेत्र में भ्रमण कर रहे आईजी मेरठ जोन रामकुमार, एसएसपी मुनीराज जी व एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह मौके की ओर दौड़ पड़े। उधर, बदमाशों ने अपनी बाइक दोनों नहरों के बीच वाली पटरी पर दौड़ा दी। खुद को घिरता देखकर बदमाश बाइक छोड़कर पेड़ की ओट में छिप गए और फायरिंग कर दी। आईजी, एसएसपी व एसपी सिटी की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली धंस गई और वे बाल-बाल बचे। एक गोली नगर कोतवाल धनंजय मिश्र के कान के पास से निकली। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लगी, जबकि दूसरा भाग गया। घायल बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसएसपी मुनीराज जी ने बताया कि बदमाश की शिनाख्त 50 हजार रुपये के इनामी सतवीर सिंह उर्फ सत्ते अहेरिया पुत्र मान सिंह निवासी गांव पिंजरी थाना गोंडा जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। गत दिनों जनपदभर में हुई डकैती की वारदातों में वह सोनू गैंग के साथ शामिल था। सरगना सोनू को गत दिनों सिकंदराबाद में पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर किया था।