नगर पालिका ने ध्वस्त की अवैध रूप से बनीं दुकानें
- नगर के डिप्टी गंज पर अवैध रूप से बनी थीं 12 दुकानें
- जिला प्रशासन व पुलिस फोर्स की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
- अतिक्रमण के कारण आए दिन झेलना पड़ता था जाम
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
नगर क्षेत्र में अवैध रूप से सरकारी जमीन को कब्जे में लेकर बनाई गई वर्षों पुरानी दुकानों को नगर पालिका व प्रशासन की टीम ने ध्वस्त कर दिया। दो थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंची टीम को देखकर व्यापारी भाग निकले। मौके पर एकत्रित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां भी भांजीं।
नगर पालिका व प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को नगर के मोहल्ला डिप्टीगंज में अवैध रूप से बनाई गई पांच दुकानों को ध्वस्त कर दिया। नगर पालिका द्वारा जारी किए नोटिस के तहत 12 दुकानों को पूर्व में ही खाली करा दिया गया था। दुकानों को ध्वस्त करने के आदेशों के चलते पूरे दिन मौके पर बड़ी संख्या में व्यापारियों ने डेरा डाले रखा। दोपहर के समय में नगर पालिका, प्रशासनिक अफसरों ने भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी द्वारा दुकानों को तोड़ना शुरू किया तो दुकानदारों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। हालांकि भारी पुलिस फोर्स के चलते दुकानदार ज्यादा विरोध नहीं कर सके। दुकान तोड़े जाने से दुखी व्यापारी और उनके परिजन मौके पर ही रोने लगे। विरोध करने पर पुलिस ने लाठियों का प्रयोग कर उन्हें खदेड़ दिया। प्रशासन की मदद से बृहस्पतिवार को चलाए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान के तहत कुल पांच पक्की दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इस बाबत नगर पालिका ईओ एके सिंह ने बताया कि पूर्व में ही नोटिस जारी कर दुकानों को खाली करा दिया गया था। किसी भी हाल में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।