मिशन भरोसा के आवेदन पत्र एआरटीओ दफ्तर से गायब
- स्कूली वाहनों के चालकों का होना था पुलिस वेरिफिकेशन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। वाहन चालकों का सत्यापन कराने के लिए डीएम द्वारा मिशन भरोसा के तहत जारी किए गए आदेशों के क्रम में वाहन चालकों के आवेदन पत्र एआरटीओ दफ्तर से गायब हो गए हैं। हालांकि एआरटीओ दावा कर रहे हैं कि सभी आवेदनों को पुलिस को भेज दिया गया है, जबकि पुलिस फार्म मिलने से इनकार कर रही है।
गुड़गांव स्थित रेयान स्कूल में बच्चे की हत्या के मामले में कंडक्टर को गिरफ्तार करने के बाद पूरे प्रदेश के स्कूलों के वाहन चालकों का पुलिस द्वारा सत्यापन कराने के आदेश जारी किए गए थे। इसके बाद मिशन भरोसा के तहत डीआईओएस व बीएसए कार्यालय से एआरटीओ दफ्तर को मिशन भरोसा के आवेदन पत्र भरवाकर भेजे गए थे। सूत्रों ने दावा किया है कि एआरटीओ की लापरवाही से मिशन भरोसा के आवेदन पत्र दफ्तर से गायब हो गए। डीएम ने एआरटीओ विनीत मिश्रा को फटकार लगाई तो खुद को बचाने के लिए एआरटीओ ने फार्मों को पुलिस दफ्तर भेजने की बात कही, लेकिन पुलिस अफसरों ने भी इस संबंध में फार्म मिलने से इनकार कर दिया। सूत्रों ने दावा किया है कि इस संबंध में डीएम ने एआरटीओ को कड़ी फटकार लगाते हुए तीन दिनों के अंदर फार्मों को पुलिस विभाग को भेजने के आदेश दिए हैं।