नजीमपुरा भूड़ मलिन बस्ती को 30 साल से ‘विकास’ का इंतजार
बुलंदशहर। नगर की नजीमपुरा भूड़ मालिन बस्ती के लोग 30 साल से विकास की बाट जोह रहे हैं। बस्ती के लोग प्रशासन से लेकर नगर पालिका तक बार-बार गुहार लगा चुके हैं। अब उन्हाेंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की है।
बस्ती निवासी प्रभु दयाल, कमलेश, बिजेंद्र, अंगूरी देवी, सुनील, लाल सिंह, पवन और धर्मपाल आदि ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा है कि वार्ड नंबर पांच की इस बस्ती को बने 30 साल से अधिक हो गए हैं। विकास तो दूर की बात, यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं। यहां गलियों में खड़ंजा नहीं है, बिजली की लाइन भी आज तक नहीं बिछाई गई। जबकि विद्युत निगम की ओर से कनेक्शन दिए हुए हैं। घरों से निकलने वाले पानी की निकासी का भी प्रबंध नहीं है। बस्ती के लोग पीने के साफ पानी के लिए भी परेशान हैं। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, जिससे संक्रामक बीमारियां होने का खतरा बना रहता है। प्रशासन से लेकर नगर पालिका को बार-बार अवगत कराने के बाद भी आज तक किसी ने सुध नहीं ली है। बस्ती के लोगों ने मुख्यमंत्री से समस्याएं दूर करवाने, सुविधाएं दिलाने के साथ विकास कार्य करवाने की मांग की है। इस पत्र की प्रति डीएम, नगर पालिका अध्यक्ष और वार्ड सभासद को भी दी है।