नवजात की मौत पर जिला महिला अस्पताल में हंगामा
बुलंदशहर। जिला महिला अस्पताल में सामान्य रूप से प्रसव होने के बाद भी नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। स्टाफ ने परिजनों को जैसे-तैसे समझाकर शांत किया। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
शनिवार शाम नगर के धमैड़ा अड्डा निवासी प्रीति पत्नी अजय को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अजय ने बताया कि रात को सामान्य डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद चिकित्सकों ने नवजात की ओर ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई। नवजात की गंभीर हालत देखकर रविवार दोपहर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया, लेकिन जिला अस्पताल से ले जाने से पहले ही बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। प्रसूता के परिजनों ने अस्पताल स्टाफ की लापरवाही से बच्चे की मौत होने का आरोप लगाया। किसी तरह अस्पताल के स्टाफ ने पीड़ित परिजनों को अस्पताल से रवाना किया। वहीं इस संबंध में सीएमएस डॉ. बीना रानी का कहना था कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है।