110 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी
- कलक्ट्रेट में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पुलिस लाइन में ले जाकर किया रिहा
- 11 सूत्री मांगों के समर्थन में 59वें भी जारी रही हड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
राज्य कर्मचारी घोषित करने और वेतन बढ़ाने सहित 11 सूत्री मांगों के समर्थन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हड़ताल 59वें दिन मंगलवार को भी राजेबाबू पार्क में जारी रही। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता दोपहर बाद नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचीं। वहां 110 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। सभी गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले जाया गया। वहां से उन्हें रिहा कर दिया गया। गिरफ्तारी बुधवार को भी जारी रहेगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुबह से ही राजेबाबू पार्क में एकत्रित होना शुरू हो गई थीं। उन्हाेंने अपना क्रमिक अनशन भी जारी रखा। दोपहर तक उन्होंने अपने पूर्व में लिए गए जेल भरो आंदोलन की रणनीति बनाई। इसके बाद सभी कार्यकर्ता महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ उप्र की जिलाध्यक्ष सावित्री गौतम के नेतृत्व में पार्क से जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट की ओर नारेबाजी करते हुए रवाना हुईं। सभी कार्यकर्ता कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय के सामने गिरफ्तारी के लिए बैठ गईं। सिटी मजिस्ट्रेट रामगोपाल ने गिरफ्तारी देने वाली कार्यकर्ताओं के नाम लिखे। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गिरफ्तारी देने वाली 110 कार्यकर्ताओं को पुलिस अपने साथ पुलिस लाइन लेकर पहुंची, वहां से उन्हें रिहा कर दिया गया। सावित्री गौतम ने कहा कि गिरफ्तारी बुधवार को भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हड़ताल को दो माह होने को है, लेकिन सरकार हमारी मांगें पूरी नहीं कर रही है। इससे कार्यकर्ताओं को आक्रोष है। इस दौरान अलका सिरोही, चंचल गुप्ता, विजय राजे, सर्वेश, अनीता, सोहन गिरी, भानवती, कैलाशो, तनवीर, फातिमा, मीरा, मीना, संजू, ममता, मंजू, सुशीला, कमलेश, बबीता, कृष्णा, किशन, सुनीता, गुड्डी, आशा, प्रमिला, विनीता, रेखा, सुशीला, विजय, कमलेश और प्रभा आदि मौजूद रहीं।
एक घंटे तक जाम से जूझते रहे लोग
बुलंदशहर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर जाम लग गया। करीब एक घंटे तक राहगीर जाम से परेशान रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गिरफ्तारी देने के लिए कालाआम चौराहे से कलक्ट्रेट की ओर जा रही थीं। उनकी संख्या अधिक होने के कारण कालाआम से कलक्ट्रेट की ओर आने वाले मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कलक्ट्रेट के गेट पर ही रोक दिया। इसके चलते वह सड़क पर ही बैठ गईं। इस दौरान वाहनाें की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं के हंगामे के कारण कोई राहत नहीं मिली। करीब एक घंटा बाद कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी होने के बाद जाम खुल पाया। नगर यातायात निरीक्षक कुलवीर राणा ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताआें के जुलूस और कलक्ट्रेट के बाहर सड़क पर बैठने के कारण कालाआम और कलक्ट्रेट के गेट के पास जाम की समस्या बन गई। पुलिस को जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।