नहीं लेना है बिजली कनेक्शन तो देना होगा स्पष्टीकरण
- अफसरों को लिखित में बताना होगा कनेक्शन न लेने का कारण
बुलंदशहर। सौभाग्य योजना के तहत हर घर को बिजली देने के प्रयास में जुटी सरकार ने अफसरों के साथ लोगों की भी जिम्मेदारी तय की है। यदि लोगों को बिजली कनेक्शन नहीं लेना है तो इस संबंध में अफसरों को लिखित में अपना स्पष्टीकरण देना होगा।
जिन लोगों के घरों में बिजली कनेक्शन नहीं हैं, उन्हें आसानी से बिजली कनेक्शन देने के लिए सरकार ने सौभाग्य योजना की शुरुआत की है। योजना के तहत लोगों की आर्थिक स्थिति के आधार पर कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके लिए सभी अफसरों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। अफसरों के साथ लोगों की भी जिम्मेदारी तय की गई है। यदि लोगों को बिजली कनेक्शन नहीं लेना है तो इस संबंध में उन्हें उचित कारण के साथ एक शपथ पत्र भरकर अफसरों को देना होगा। संबंधित शपथ पत्रों को अफसर उच्चाधिकारियों को भेजकर कनेक्शन न लेने वाले लोगों की रिपोर्ट भेजेंगे। इस बाबत एसई अजय अग्रवाल ने बताया कि कनेक्शन न लेने पर लोगों को उचित कारण बताते हुए शपथ पत्र देना होगा। इसके बाद बिजली प्रयोग करते पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।