खुर्जा में क्रॉकरी व्यापारी के यहां वाणिज्य कर का छापा
- कई राज्यों में बिना बिल के व्यापारी कर रहा था व्यापार
- नगर में भी एक दुकान पर छापा मारकर 7 टन लोहे की शीट की बरामद
- आरोपी दुकानदार से बिना बिल के मंगाई थी शीट, व्यापारी पर लगा 82 हजार जुर्माना
पुनीत शर्मा
बुलंदशहर।
वाणिज्य कर विभाग की टीम ने खुर्जा स्थित एक क्रॉकरी व्यापारी के यहां छापा मारकर लाखों की टैक्स चोरी पकड़ी है। टीम ने मौके से दस्तावेजों की फाइलों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों को शुरुआती जांच में पता चला कि क्रॉकरी व्यापारी बिना बिलों के अन्य राज्यों में भी व्यापार करता था। इसके अलावा एक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर छापा मारकर 7 टन लोहे की शीट भी पकड़ी हैं।
वाणिज्य कर विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर शुक्रवार को खुर्जा में यह कार्रवाई की। जब टीम व्यापारी के गोदाम पर पहुंची तो वहां हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारियों ने तुरंत सभी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी, जो दस्तावेज मिले उसे जब्त किया गया। अधिकारियों को कुछ लूज पेपर भी मिले। स्टाक रजिस्टर को कब्जे में लेकर माल की कीमत की जांच की, जिसमें व्यापारी के प्रतिष्ठान पर करीब आठ लाख रुपये का माल अवैध रूप से रखा पाया गया। स्टाक रजिस्टर में खरीद-फरोख्त में अंतर के कारण व्यापारी से 1.44 लाख का जुर्माना वसूला गया है। मौके पर दस्तावेजों की हुई जांच में अधिकारियों को पता चला कि व्यापारी बिना बिल जनरेट किए अन्य राज्यों में भी व्यापार करता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार व्यापारी का प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का टर्नओवर है, लेकिन कागजों में वह केवल लाखों रुपये में ही व्यापार करता है। फिलहाल जुर्माना लगाकर वाणिज्य कर टीम ने कब्जे में लिए दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच में जुट गई है।
लोहा व्यापारी के यहां से पकड़ा 7 टन लोहा
नगर के काली नदी रोड स्थित लोहा व्यापारी के यहां छापा मारकर वाणिज्य कर विभाग की टीम ने 6.9 टन लोहे की शीट बरामद की हैं। टीम के दुकान पर पहुंचते ही फाइलों, बिलों, दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि व्यापारी बिना बिल के दिल्ली से 7 टन लोहे की शीट को लेकर आया था, जिसकी अनुमानित लागत करीब पांच लाख रुपये है। टीम ने व्यापारी से 1.25 लाख रुपये का जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की है।
क्या कहते हैं अधिकारी
खुर्जा स्थित एक क्रॉकरी व्यापारी के यहां पर छापेमारी की गई है। मौके पर बड़ी मात्रा में टैक्स चोरी का पता चला है। बिना बिल के पकड़े गए सामान पर आरोपी से जुर्माना वसूला गया है। शहर में भी एक व्यापारी के यहां से पांच लाख की लोहे की चादरें बिना बिल के पकड़ी हैं। व्यापारी से जुर्माना वसूलने तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है। - वीपी कटियार, ज्वाइंट कमिश्नर, वाणिज्य कर विभाग
--------