फर्जीवाड़े की जांच में एबीएसए नहीं ले रहे रुचि
- बीएसए कार्यालय में एकत्र किया जा रहा वर्ष 2004-05 में बीएड करने वाले शिक्षकों का डाटा
- शासन को शैक्षणिक दस्तावेज एकत्रित कर 11 नवंबर तक बीएसए को देनी है जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से सत्र 2004-05 में बीएड करने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का डाटा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एकत्र किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारियों से इस सत्र में बीएड करने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की जानकारी मांगी गई थी। इसके लिए तीन दिन का समय दिया गया था, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी एबीएसए ने सूचना उपलब्ध नहीं कराई है। जबकि 11 नवंबर तक कार्रवाई करके शासन को सूचना दी जानी है।
आगरा विश्वविद्यालय से बीएड करने वालों के खिलाफ शिकायत होने के बाद एसआईटी की ओर से जांच की जा रही है। बीएसए ने आदेश मिलने पर वर्ष 2004-05 में नियुक्त हुए शिक्षकों के शैक्षणिक दस्तावेज सहित अन्य डाटा मुहैया कराने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को तीन दिन का समय दिया था, लेकिन जानकारी देने का समय निकल गया। स्थिति यह है कि अब तक किसी ने डाटा नहीं दिया है। एबीएसए ने कहा कि गंगा स्नान का अवकाश होने की वजह से परेशानी आ रही है। जल्द ही शैक्षणिक दस्तावेज आदि एकत्रित कर बीएसए कार्यालय भेज दिए जाएंगे। इस संबंध में बीएसए अजीत कुमार का कहना है कि उन्होंने सभी एबीएसए को ऐसे शिक्षकों को चिन्हित कर उनके शैक्षणिक दस्तावेज कार्यालय में उपलब्ध करवाने के आदेश दिए हैं। पूरी जानकारी समय पर शासन, एसआईटी और विभाग के उच्च अधिकारियों को उपलब्ध करवा दी जाएगी।