स्याना तहसील में 42 दिन बाद कामकाज सुचारु
- एसडीएम व अधिवक्ताओं के बीच बनी सहमति
स्याना। तहसील में गत 30 अगस्त को आरआई व अधिवक्ताओं के बीच हुई मारपीट के बाद स्याना तहसील में पिछले 42 दिन से चल रहा विरोध प्रदर्शन वार्ता के बाद बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। तहसील प्रशासन व बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ एसडीएम संजय कुमार पांडे की वार्ता हुई। जिस पर दोनों पक्षों ने सौहार्द पूर्ण माहौल में वार्ता करके कामकाज सुचारु रूप से करने का निर्णय लिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेन्द्र लोधी व सचिव कैलाशचंद वर्मा का कहना है कि एसडीएम ने अधिवक्ताओं की भावनाओं का सम्मानजनक हल निकालने का आश्वासन दिया है। इस पर स्याना बार द्वारा अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन समाप्त करते हुए पूर्व की भांति न्यायिक कार्य शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस बारे में एसडीएम संजय कुमार पांडे का कहना है कि बार व बैंच एक दूसरे के पूरक हैं। साथ ही तहसील परिवार के सदस्य भी हैं। अखिल भारतीय उपभोक्ता जागृति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेशचंद त्यागी का भी स्याना बार द्वारा आभार जताया गया। इस दौरान योगेन्द्र मलिक, प्रदीप लोधी, राजेन्द्र सिंह, कान्ति चौहान, पंकज त्यागी, मुकेश गर्ग, विजय लोधी, अरूण प्रताप राघव, श्यामबीर सिंह आदि मौजूद रहे।