नैथला में बनेंगे 500 प्रधानमंत्री आवास, बाजार होगा सृजित
- डीएम ने कार्य में तेजी के लिए बीडीए अफसरों को दिए निर्देश
- आवासों के लिए चल रही है आवेदन प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर। देहात क्षेत्र के गांव नैथला में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 500 आवासों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा आवास परिसर में ही बाजार भी बनाए जाएंगे, ताकि लोगों को आवश्यक वस्तुओं के लिए दूर न जाना पड़े। इसके लिए बृहस्पतिवार को डीएम ने बीडीए अफसरों को कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल आवासों के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है।
बीडीए सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम ने जनसमस्याएं सुनते हुए विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में सिकंदराबाद में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बरतने पर डीएम ने अफसरों को कड़ी फटकार लगाई और अवैध निर्माण सील करने के आदेश दिए। साथ ही नक्शा स्वीकृत कराने के लिए एक बार में सभी आपत्तियों को दूर किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार दफ्तर के चक्कर न काटने पड़ें। इसके अलावा गांव नैथला में बनाए जाने वाले 500 आवासों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अफसरों को आदेश दिए कि प्रक्रिया में तेजी लाए जाए। आवासों के अलावा परिसर में बाजार की व्यवस्था भी की जाए, ताकि लोगों को आवश्यक वस्तुओं के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। डीएम ने विकास कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।