ओडीएफ की अलख जगाने वाले प्रधान होंगे सम्मानित
- डीपीआरओ कार्यालय की ओर से 16 अक्तूबर को होगा कार्यक्रम
- प्रधान और ग्राम सचिव के अलावा स्वच्छता ग्राही भी होंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) की अलख जगाने वाले प्रधानों को प्रशासन सम्मानित करेगा। इसके लिए 16 अक्तूबर को कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम कराने के लिए जगह की तलाश की जा रही है।
भारत स्वच्छ अभियान ग्रामीण के तहत जिले के गांवों को ओडीएफ मुक्त करने के लिए शौचालय बनाने और खुले में शौच न करने को कार्य जारी है। इस कार्य में ग्रामीणों के अलावा स्वच्छता ग्राही और समाजसेवी आदि को लगाया गया है। डीपीआरओ की ओर से इस कार्य में प्रधानों की भी अहम भूमिका है। अब तक जिला प्रशासन ने 128 गांवों को ओडीएफ घोषित करने का दावा किया है। इस कार्य में ओडीएफ की अलख जगाने में अहम भूमिका निभाने वाले प्रधानों को सम्मानित किया जाएगा। डीपीआरओ अमरजीत सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधानों को सम्मानित करने के लिए 16 अक्तूबर को एक कार्यक्रम होगा। इसमें स्वच्छता ग्राही और समाजसेवियों के साथ ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव आदि को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के लिए जगह की तलाश की जा रही है और सभी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई हैं।