मास्टर जी के मोबाइल पर आएगा स्वच्छता मंत्र
- आज भेजे जाएंगे एसएमएस, स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक ने दिए आदेश
- बीएसए को सौंपी जिम्मेदारी, शिक्षक अभिभावक व विद्यार्थियाें को सुनाएंगे मैसेज
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। शासन ने शिक्षकों के मोबाइल पर बापू का स्वच्छता मंत्र भेजने का आदेश जारी किया है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर मास्टर जी के मोबाइल पर स्वच्छता संबंधी एसएमएस भेजे जाएंगे। शिक्षक यह मैसेज अभिभावक और विद्यार्थियों को पढ़कर सुनाएंगे। इसकी जिम्मेदारी बीएसए को सौंपी गई है।
स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक ने डीएम को जारी किए गए आदेश में कहा है कि बीएसए को दो अक्तूबर को परिषदीय स्कूलों के हेड मास्टर और शिक्षकाें के मोबाइल पर बापू का स्वच्छता मंत्र भेजने की जिम्मेदारी दी जाए। इस आदेश पर बीएसए को जिले के सभी परिषदीय स्कूलों के हेडमास्टर और शिक्षकों को राष्ट्रपिता बापू के स्वच्छता मंत्र को भेजने के लिए एसएमएस करने के आदेश जारी कर दिए हैं। बीएसए अजीत कुमार ने बताया कि शासन के आदेश पर डीएम ने उन्हें निर्देश जारी किया है कि सभी परिषदीय स्कूलों के हेडमास्टर और शिक्षकों को एसएमएस कर बापू के स्वच्छता मंत्र भेजने की तैयारी कर ली है। इसके लिए विभागीय अफसरों और बाबुओं की भी ड्यूटी निर्धारित कर दी है। उन्होंने दावा किया कि इस आदेश का सख्ती से पालन करते हुए प्रत्येक शिक्षक को एसएमएस भेजकर उसे अभिभावकाें और छात्र-छात्राओं को पढ़कर सुनाया जाए। यदि किसी शिक्षक ने इस आदेश की अवहेलना की तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।