लापरवाही बरतने पर आठ पुलिसकर्मी निलंबित
बुलंदशहर। एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने 22 सितंबर की देर रात हाईवे पर पुलिस की मुस्तैदी का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान डायल 100 पर तैनात एचसीपी रामवीर सिंह अनुपस्थित मिले थे। साथ ही कांस्टेबल अजय कुमार व आरक्षी चालक सुनील यादव सोते हुए मिले थे। दूसरी ओर गुलावठी थाने की बराल चौकी के निकट पैट्रोल कार पर तैनात हैड कांस्टेबल नंदराम, कांस्टेबल विक्रांत कुमार व होमगार्ड विजय पाल सोते हुए मिले थे। जैनपुर तिराहे पर ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल हरगोविंद सिंह व धीरेंद्र कुमार भी एक प्राइवेट कार में सोते हुए पाए गए थे। सिकंदराबाद कोतवाली में तैनात कांस्टेबल पवन कुमार ने सीओ सिकंदराबाद की गलत लोकेशन एसपी सिटी को दी थी। मामले की रिपोर्ट तैयार कर एसपी सिटी ने एसएसपी को सौंप दी थी। एसएसपी मुनीराज जी ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले सभी आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। जबकि होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए होमगार्ड कमांडेंट को लिख दिया गया है। ब्यूरो