बिना मान्यता प्राप्त कोचिंग सेंटरों पर चलेगा डंडा
- बिना मान्यता प्राप्त कोचिंग सेंटरों को चिन्ह्ति करने के आदेश जारी
- डीआईओएस ने चेकिंग अभियान चलाने को बनाई टीम
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अब जिले में कुकुरमुत्तों की तरह जगह-जगह खुले बिना मान्यता प्राप्त कोचिंग सेंटरों पर डंडा चलेगा। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने खाका खींचकर बिना मान्यता प्राप्त कोचिंग सेंटरों को चिन्ह्ति करने के आदेश जारी कर दिए हैं। चेकिंग अभियान को टीम भी बना दी गई है।
जिले में नगर और कस्बों के बाजारों के अलावा कालोनी और मोहल्लों की गली-गली में कोचिंग सेंटर चलाए जा रहे हैं। यहां पर सुबह-शाम छात्र-छात्राओं की लाइन देखी जा सकती है। सेंटर संचालक मनमानी फीस लेकर मोटी कमाई कर रहे हैं। इनमें अधिकतर कोचिंग सेंटर बिना मान्यता प्राप्त किए चल रहे हैं। ऐसे संचालक नियमों का पालन भी नहीं कर रहे। हालांकि पिछले दिनों कोचिंग सेंटरों की जांच के लिए अभियान चला था। इस दौरान कई सेंटरों पर कार्रवाई हुई थी। इसके बाद कुछ कोचिंग संचालक सतर्क हो गए थे। मगर, जैसे समय बीता और विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो संचालक फिर सक्रिय हो गए। लेकिन अब एक बार फिर विभाग ने बिना मान्यता प्राप्त कोचिंग सेंटरों पर शिकंजा कसने के लिए रणनीति बना ली है।
डीआईओएस मनोज कुमार आर्य ने बताया कि जिले में करीब 300 कोचिंग सेंटर मान्यता प्राप्त हैं, जबकि शेष बिना मान्यता के चलाए जा रहे हैं। ऐसे कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई के लिए उन्होंने तैयारी कर ली है। जल्द ही अभियान चलाकर शिकंजा कसा जाएगा।